डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का किया नागरिक अभिनंदन

saini


चंडीगढ़, 7 जून (ट्रिब्यून न्यूज सर्विस)

Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस देश की असली ताकत हमारे गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग के लोग हैं। यही लोग अपने पसीने और मेहनत से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ा योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में इन मेहनतकश वर्गों को जो सम्मान और अधिकार दिए हैं, वह कांग्रेस कभी नहीं दे पाई।

कांग्रेस ने हमेशा अपने परिवार के हितों को प्राथमिकता दी और आम जनता, समाज और देश की चिंता नहीं की। कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए आम जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की और अब जनता ने उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास – संत कबीर कुटीर में प्रदेशभर से आए डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे।

डीएससी समाज के लोग मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन करने चंडीगढ़ पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को 11 जून को सिरसा में मनाई जाने वाली संत कबीर जयंती के लिए भी निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों को योद्धा बताते हुए कहा कि समाज ने जो यह सम्मान की पगड़ी मेरे सिर पर रखी है, यह सम्मान समाज का है और मैं इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा।

उन्होंने कहा कि आज डीएससी को उसका अधिकार और सम्मान मिल रहा है। हाल ही में जो लगभग 3,500 भर्तियों की घोषणा हुई है, उसमें 605 पद डीएससी समाज के लिए और 604 पद अन्य अनुसूचित जातियों के लिए हैं। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि डीएससी समाज ने काफी संघर्ष किया और आज उस संघर्ष के सुखद परिणाम सामने आए हैं। इससे हमारी आने वाली पीढ़ियां सशक्त और मजबूत होंगी।

इस मौके पर बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविंद्र बलियाला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, स्वामी स्वदेश कबीर, पूर्व मंत्री बिशम्बर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नय्यर, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित डीएससी समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

saini 1

कांग्रेस ने नहीं किया डॉ. अम्बेडकर का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान हमारे लोकतंत्र की मूल आत्मा है। इस पवित्र संविधान के कारण ही देश को एक लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद और न्यायपालिका मजबूती से कार्य कर रहे हैं। संसद के भीतर अध्यक्ष भी इसी संविधान की देन है, लेकिन दुर्भाग्यवश, कांग्रेस पार्टी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को कभी सम्मान नहीं दिया और आज भी कांग्रेस पार्टी जब राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद या न्यायपालिका पर टिप्पणियां करती है तो यह सिर्फ इनका नहीं, बल्कि स्वयं डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का अपमान है।

वैश्विक मंच पर बनी भारत की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया कि यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान खत्म हो जाएगा। सच्चाई तो यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और अधिक सशक्त हुआ है। आज कोई भी इस संविधान की ओर उंगली उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। असल में, जो खत्म हो रही है वह कांग्रेस पार्टी है, क्योंकि कांग्रेस की नीतियां विफल रहीं हैं। जिन गरीबों के नाम पर उसने राजनीति की, उन्हें और अधिक गरीब कर दिया। कांग्रेस के कालखंड में अमीरी और गरीबी की खाई बढ़ी, लेकिन बीते 11 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने इस खाई को पाटने का कार्य किया है।

डीएससी समाज को दिया उनका हक : कृष्ण बेदी

सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि डीएससी समाज की 60-70 वर्षों की पीड़ा और तड़प को समाप्त कर मुख्यमंत्री ने उन्हें जो अधिकार दिया है, वह ऐतिहासिक और युग परिवर्तनकारी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नीति या निर्णय नहीं था, बल्कि ये शोषितों और वंचितों के सम्मान की रक्षा के लिए उठाया गया साहसिक कदम था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय लागू केवल हरियाणा में हुआ, यह मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *